मणिमहेश मेले में तैनात होंगी आठ स्वास्थ्य टीमें

चंबा। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य महकमे ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य विभाग ने मणिमहेश की डल झील को जाने वाले रास्ते में आठ मेडिकल टीमों की तैनाती करने का निर्णय लिया है। ये टीमें अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं को 24 घंटे सेवाएं मुहैया करवाएंगी। ये टीमें 15 सितंबर राधाष्टमी तक तैनात रहेंगी। एक मेडिकल टीम में तीन सदस्य शामिल होंगे। इसमें एक चिकित्सक और दो पैरामेडिकल सदस्य होंगे। प्रत्येक टीम के पास आपातकालीन स्थिति से निपटने की हर प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। आक्सीजन के सिलेंडर भी टीमें अपने साथ लेकर जाएंगी। इसमें सबसे खास बात यह है कि श्रद्धालुओं के इलाज के कोई पैसे नहीं लेंगेगे और दवाइयां भी मुफ्त में मिलेंगी। इस साल मणिमहेश यात्रा 28 अगस्त से शुरू होकर 12 सितंबर तक चलेगी। 15 दिन की यात्रा में जन्माष्टमी और राधाष्टमी को दो बड़े शाही स्नान होते हैं। शाही स्नानों में डुबकी लगाने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालु मणिमहेश पहुंचते हैं। स्वास्थ्य विभाग यात्रा के लिए पुख्ता प्रबंध करने में जुटा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने चूड़ी स्वास्थ्य खंड के बीएमओ को भी भरमौर की ओर जाने वाले यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालु चूड़ी स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश वर्मा ने बताया कि आठ टीमों की तैनाती मणिमहेश यात्रा के लिए कर दी गई है। आठ चिकित्सक विभिन्न स्थानों पर अपनी टीम के साथ सेवाएं देंगे। विभाग ने दो टीमों को रवाना कर दिया है।

Related posts