
चंबा। जिला साक्षरता प्रेरक संघ चंबा का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कदम से मिला। इस दौरान प्रेरकों ने उपायुक्त को मांगपत्र सौंपते हुए मांग की है कि उनका अनुबंध अगस्त माह की बजाय पहली अप्रैल 2013 से किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से मिल चुके हैं, उनकी मांग के संबंध में जिला साक्षरता समिति ने कोई निर्णय नहीं लिया है। प्रेरकों ने प्रशासन को दो टूक कहा है कि अगर अप्रैल माह से प्रेरकों का अनुबंध नहीं किया गया तो 25 अगस्त को आयोजित होने वाली बुनियादी परीक्षा से प्रेरक किनारा कर लेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रेरक संघ के प्रधान संजय ने बताया कि पूरे जिला में प्रेरक पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं और साक्षरता की लौ गांव-गांव में जला रहे हैं। बुनियादी परीक्षा को आयोजित करने के लिए प्रेरक पूरी तरह तैयार हैं। अगर उनका अनुबंध अप्रैल माह से नहीं होता है, तो वे परीक्षाओं का आयोजन नहीं करवाएंगे। प्रेरकों ने उपायुक्त से अप्रैल माह से अनुबंध करवाने की मांग की है। उपायुक्त संदीप कदम ने मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
