
चंबा। अब ओबीसी वर्ग की प्री मैट्रिक स्कालरशिप उच्च शिक्षा विभाग के पास मिलेगी। निदेशालय ने इसका जिम्मा उच्च शिक्षा विभाग को दे दिया है। सभी स्कूल मुखिया छठी से आठवीं तक की ओबीसी वर्ग की स्कालरशिप के लिए उच्च शिक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं। पहले मिडिल तक की ओबीसी वर्ग की स्कालरशिप एलीमेंटरी एजूकेशन के पास होती थी, लेकिन हाल ही में इसमें परिवर्तन किया गया है। अब आठवीं कक्षा तक की ओबीसी वर्ग की स्कालरशिप उच्च शिक्षा विभाग के पास मिलेगी। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पात्र छात्रों से स्कालरशिप के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पात्र छात्र 31 अगस्त से पहले स्कालरशिप के लिए आवेदन कर सक ते हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधिनस्थ स्कूलों के बच्चों के स्कालरशिप प्रपत्र भरवाएं और एकत्रित कर स्वयं उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि स्कालरशिप भरने की डिटेल ई-मेल के माध्यम से स्कूलों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि स्कालरशिप के फार्म 31 अगस्त तक विभाग के पास पहुंच जाने चाहिए। इसके बाद फार्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अगर कोई छात्र स्कालरशिप से वंचित रह गया तो इसके लिए स्कूल मुखिया जिम्मेदार होंगे।
