भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष गिरफ्तार

ऊना। पुलिस ने लठियाणी बाजार में रात के समय हवाई फायर करने के आरोप में भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अजय ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। उपाध्यक्ष पर दो रोज पहले रात करीब 11 बजे लठियाणी बाजार में एक ढाबे के बाहर हवाई फायर करने तथा दहशत फैलाने का आरोप है। पुलिस ने अजय के खिलाफ आपराधिक प्रक्रि या संहिता की धारा 107 और 151 के तहत मामला दर्ज किया है। अजय को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने गन भी कब्जे में ले ली है। पुलिस ने तनोह और लठियाणी पंचायतों के प्रधान तथा ढाबा संचालक के भी बयान दर्ज किए हैं। बंगाणा पुलिस थाने के एसएचओ महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि लठियाणी में रात को हवाई फायर करने के आरोप में अजय कुमार निवासी कैहलवीं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लठियाणी पंचायत के प्रधान महेंद्र सिंह, तनोह पंचायत के प्रधान गुरदेव सिंह और ढाबा संचालक के बयान भी दर्ज किए हैं। ढाबा संचालक ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने रात को हवाई फायरिंग के दौरान अजय से गन छीन ली थी। उस गन को वापस लेने के लिए अजय सुबह चार बजे उनके पास पहुंचा। एसएचओ ने कहा कि ढाबा संचालक ने शिनाख्त के बाद पुलिस को बताया कि गिरफ्तार किए गए अजय ने ही रात को उनके ढाबे के बाहर हवाई फायर किए थे। एसएचओ ने कहा कि अजय से पूछताछ जारी है तथा गन को भी कब्जे में ले लिया गया है। यह दुनाली गन करीब 85 हजार रुपये कीमत की हो सकती है। पुलिस का कहना है कि यह भी पता चला है कि अजय ने मतगणना वाले दिन भी रात के समय गांव में हवाई फायरिंग की थी। उधर, भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता सुमित शर्मा ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। कहा कि उन्हें घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष दिनेश लट्ठ ने कहा कि उन्हें भी भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष की गिरफ्तारी के संबंध में कोई सूचना नहीं है।

Related posts