भाजपा नेता कृपाल परमार बोले- सीएम श्रीकृष्ण और मैं उनका सुदामा

भाजपा नेता कृपाल परमार बोले- सीएम श्रीकृष्ण और मैं उनका सुदामा

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान शिव का अवतार कहने करने का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि फतेहपुर दौरे के दौरान भाजपा नेता कृपाल परमार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भगवान कृष्ण की संज्ञा दे डाली। फतेहपुर विस क्षेत्र में जनसभा के दौरान भाजपा नेता कृपाल परमार ने कहा कि वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सुदामा हैं, जबकि मुख्यमंत्री उनके भगवान श्रीकृष्ण हैं।

जनसभा के मीडिया ने मुख्यमंत्री से पूछा कि आजकल भाजपा नेताओं में भगवान बनने की होड़ ज्यादा हो गई है। इस पर मुख्यमंत्री बोले – हर कोई अपनी-अपनी भावना व्यक्त करता है। लोकतंत्र में भावना व्यक्त करने का अधिकार हर किसी को है। 

यह जरूरी भी नहीं है कि आप किसी को भगवान ही मान लें। जयराम ने कहा कि उनके नाम के साथ भी राम शब्द जुड़ा है, लेकिन इसका अर्थ यह तो नहीं है कि मैं भगवान हो गया हूं। हम केवलमात्र इंसान हैं। फतेहपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने राजा का तालाब को उपतहसील बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोग उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को ही जीत दिलाएं, उनकी हर उम्मीद पूरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राजनीति में कहना आसान है, लेकिन करना बड़ा मुश्किल है। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब हम कोरोना काल में विभिन्न प्रदेशों में फंसे अपने लोगों को प्रदेश में लाए तो विपक्ष ने इस संकट की घड़ी में भी राजनीति की। सरकार ने कोविड संकट को अच्छे ढंग से मैनेज किया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कोरोना संकट की घड़ी अभी तक टली नहीं है, ऐसे में अत्यंत सावधानी की जरूरत है। 

आने वाले समय में कोरोना मामलों में बढ़ोतरी होने की संभावना पर जनता के सहयोग की फिर से  आवश्यकता पड़ सकती है। बीते चुनावों में फतेहपुर की सीट छूट गई थी। इस कमी को उपचुनाव में पूरा करें। भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले बलदेव ठाकुर के बारे में कहा कि वह पार्टी में वापस आ गए हैं। अब साथ मिलकर काम करेंगे।

Related posts