
सलौणी/नादौन (हमीरपुर)। टेलीफोन एक्सचेंज सलौणी के तहत लगे ब्राडबैंड कनेक्शन एक सप्ताह से ठप पडे़ हुए हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्राडबैंड सेवा ठप होने से बैंकों, सरकारी कार्यालयों, कंप्यूटर संस्थानों और साइबर कैफे में कामकाज प्रभावित हो रहा है। सलौणी क्षेत्र के उपभोक्ताओं विजय कुमार, राकेश कुमार, विनोद, सुनील कुमार, वीरेंद्र, अजय कुमार, निखिल कुमार, सुरेश, इंद्रजीत और अंकुश ठाकुर ने बताया कि ब्राडबैंड सुविधा ठप होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दूरसंचार निगम के उच्च अधिकारियों से समस्या के हल की मांग की है। दूरसंचार निगम बड़सर के एसडीओ अविनाश गर्ग का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण समस्या बनी हुई है। जल्द ही ब्राडबैंड सेवा बहाल करवा दी जाएगी।
उधर, नादौन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ब्राडबैंड तथा मोबाइल सुविधा उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
उपभोक्ताओं सुनील राणा, संजीव कश्यप, प्रदीप कुमार, हैप्पी कुमार, तनुज कुमार, राजीव शर्मा, संजीव शर्मा, राकेश कुमार, वीरेंद्र, जोनी कुमार, नीरज कुमार, राजीव, दीपक कुमार, संजीव कुमार, संदीप कुमार, अजय कुमार, अरविंद कुमार, सुनील कुमार और रमन कुमार का कहना है कि यदि कभी ब्राडबैंड सेवा सुचारु ढंग से चल भी पडे़ तो स्पीड इतनी कम होती है कि कार्य करना कठिन हो जाता है।
यहां मोबाइल सेवा भी बाधित हो रही है। भारतीय दूरसंचार निगम के संबंधित अधिकारी रविंद्र ने बताया कि एनएच विभाग द्वारा किए जा रहे कार्य के कारण बार-बार ओफसी कटने से समस्या पेश आ रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
