
रामपुर बुशहर। किन्नौर से रामपुर आ रही एक बोलेरो गाड़ी झाकड़ी के नजदीक बरौनी खड्ड में गिर गई। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बोलेरो नंबर एचपी 26ए-1651 बुधवार सवेरे करीब पांच बजे झाकड़ी बाजार के नजदीक बरौनी खड्ड में लुढ़क गई। सड़क से नीचे गिरने के बाद गाड़ी खड्ड में करीब डेढ़ सौ फीट नीचे जाकर रुकी। इसमें चालक समेत दो लोग सवार थे। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। इनकी पहचान हंसराज निवासी यांग्पा किन्नौर और मुख दावा निवासी कासरंग किन्नौर के रूप में हुई है। पता चलते ही इन लोगों को पुलिस और अन्य लोगों ने खाई से निकालने के बाद महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शिमला रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक दोनों घायलों को सिर समेत शरीर के दूसरे हिस्सों में खासी चोटें आई हैं। एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने हादसे में दो लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गाड़ी किन्नौर से रामपुर की ओर आ रही थी। हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तफ्तीश की जा रही है।
