
चौपाल (शिमला)। उपमंडल चौपाल की उपतहसील कुपवी के अंतर्गत मिडिल स्कूल झोखड़ में आग लगने से स्कूल भवन राख हो गया। स्कूल भवन में आग मंगलवार रात के समय लगी है। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग से प्राथमिक पाठशाला के चार कमरे तथा मिडिल स्कूल भवन के दो कमरे जल कर राख हो गए हैं। आग स्कूल के भवन में मंगलवार रात के समय लगी है। लोगों को भवन के जलने की सूचना बुधवार सुबह मिली। गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर होने के कारण गांव के लोगों को समय पर आग की घटना का पता नहीं चल सका। ग्राम पंचायत झोखड़ के प्रधान सोहन सिंह ने कहा कि आगजनी की सूचना पुलिस को दी गई है। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी चौपाल विशन सिंह धीमान ने भी झोखड़ स्कूल के भवन में आग लगने से नुकसान की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर रवाना हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्कूल में सामान तथा रिकार्ड के जलने की अभी विस्तार से जानकारी नहीं है।
