
बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी से स्कूली छात्रा अचानक गायब हो गई है। छात्रा घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन न तो स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी। परिजनों ने काफी तलाश के पश्चात पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक युवक के खिलाफ नाबालिग को बहला फुसला कर भगा ले जाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दसवीं कक्षा की छात्रा दो अगस्त को घर से स्कूल गई थी लेकिन फिर घर नहीं लौटी। परिजनों ने स्कूल में छात्रा के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि छात्रा स्कूल ही नहीं पहुंची थी। परिजनों ने छात्रा की तलाश आस पास तथा रिश्तेदारों के घर में भी की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों को एक युवक पर लड़की को भगा ले जाने का संदेह था। दोनों के चंडीगढ़ में होने की भनक लगी। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए छात्रा की चंडीगढ़ में भी तलाश की लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस थाना में लड़की के गायब होने की शिकायत की। पुलिस ने भी धारा 366ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
