बाइकों के बीच टक्कर, दो युवक गंभीर

अंब (ऊना)। क्षेत्र के आदर्श नगर में सोमवार दोपहर दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जबकि एक युवक के सिर पर गहरी चोट आई है। लोगों की मदद से दोनों युवकों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों की नाजुक हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोंदपुर बनेहड़ा निवासी विकास शर्मा सोमवार को अंब में अपने नई बाइक की एजेंसी में पहली सर्विस करवाने आया हुआ था। सर्विस हो जाने के बाद जब वह बाइक की ट्रायल लेने निकला तो कुछ दूर जाकर उसने बिना देखे मोटरसाइकिल को मोड़ दिया। जिस कारण उसकी सामने से आ रही मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों को गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों घायलों को नाजुक हालत के चलते चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। बताया जा रहा एक युवक की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। उधर, पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। उधर, हादसे की पुष्टि करते हुए अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अशोक कुमार गुलेरिया ने बताया कि दोनों बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts

Leave a Comment