बर्फबारी से पौने दो करोड़ का नुकसान

चंबा।(गीता)बर्फबारी के कारण सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को लगभग एक करोड़ 84 लाख 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग ने नुकसान का आंकलन करने के बाद इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है। इस वर्ष जिला में हुई भारी बारिश और बर्फबारी के चलते सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की लगभग 146 स्कीमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसमें से 121 स्कीमें पेयजल की और 23 स्कीमें सिंचाई की शामिल हैं। इसके अलावा बर्फबारी के कारण एक सड़क और कुछ फ्लड प्रोटेक्शन वर्क को भी नुकसान हुआ है।
विभाग को सबसे ज्यादा नुकसान सलूणी मंडल में हुआ है। यहां पर चंबा मंडल में तुलना में पेयजल स्कीमें कम क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन नुकसान ज्यादा हुआ है। कुल 39 स्कीमें क्षतिग्रस्त होने से लगभग एक करोड़ 26 लाख 90 हजार का नुकसान हुआ है। चंबा मंडल में विभाग की पेयजल की लगभग 50 स्कीमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके कारण लगभग 50 लाख का नुकसान उठाना पड़ा है। डलहौजी मंडल में पेयजल की कुल 32 स्कीमें डैमेज हुई हैं। इससे 25 लाख 25 हजार के नुकसान का अनुमान है। जिला में सिंचाई की कुल 23 स्कीमें क्षतिग्रस्त हुईं हैं। इसमें चंबा मंडल की 11, डलहौजी की तीन और सलूणी की नौ स्कीमें शामिल हैं। सिंचाई स्कीमें डैमेज होने से चंबा मंडल में कुल 12 लाख, डलहौजी में डेढ़ लाख और सलूणी में 16.30 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा चंबा मंडल में विभाग की एक सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे विभाग को दो लाख का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके महाजन के अनुसार बर्फबारी के कारण विभाग को लगभग एक करोड़ 84 लाख 80 हजार का नुकसान हुआ है। विभाग ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी है।

Related posts