बगलामुखी मंदिर के महंत का करोड़ों का कारोबार डिस्को बार और महंगी गाड़ियों के शौकीन

धर्मशाला
New disclosure in Baglamukhi temple trust case, Mahant runs disco-bar in Mohali
हिमाचल के कांगड़ा जिले में बगलामुखी मंदिर ट्रस्ट बनखंडी में नित नए दिन नई बात निकलकर सामने आ रही है। बगलामुखी मंदिर बनखंडी के रखरखाव की बागडोर संभालने वाले महंत और ट्रस्ट के अध्यक्ष रजत गिरी हवन-यज्ञ करने के साथ मोहाली (चंडीगढ़) में पिरामिड नाम से डिस्को-बार भी चलाते हैं। इस डिस्को बार में रात को खूब जाम छलकते हैं। हाईफाई स्तर के इस डिस्को बार में कैफे, लॉज, बार और क्लब है। ग्राहकों को लुभाने के लिए डिस्को बार में माइक्रोब्रेवरी यानी फ्रेश बियर भी परोसी जाती है।

महंत रजत गिरी का पिरामिड डिस्को क्लब कैनॉट प्लाजा, सेक्टर 74ए, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोहाली (पंजाब) में है। डिस्को क्लब की अपनी पिरामिड वीआईपी नाम से मोबाइल ऐप भी है। ग्राहक मोबाइल ऐप पर भी जाकर पार्टी के लिए एडवांस बुकिंग करवा सकते हैं। पिरामिड डिस्को क्लब की बेवसाइट पर ढूंढने पर पता चला कि इसकी मोहाली के अलावा अमृतसर, चंडीगढ़, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में भी शाखाएं हैं। पिरामिड डिस्को क्लब की बेवसाइट पर अंकित मोबाइल नंबर 7502200001 पर फोन करने पर बताया गया कि यह डिस्को क्लब है। इसका नाम पिरामिड डिस्को क्लब है। इसके मालिक रजत गिरी हैं।

डिस्को क्लब मेरी कमाई का, मंदिर के पैसे का नहीं : रजतगिरी

बगलामुखी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रजतगिरी ने बातचीत के दौरान माना कि वह डिस्को क्लब चलाते हैं। लेकिन, डिस्को क्लब में मंदिर का पैसा नहीं लगा है। उन्होंने अपनी कमाई से डिस्को क्लब चलाया है। इसके अलावा भी उनका करोड़ों का कारोबार और प्रापर्टी है। लेकिन, यह सब उन्होंने अपनी मेहनत से कमाया है। मैं लोगों के घरों में जाकर पूजा पाठ और हवन करता हूं।

महंगी गाड़ियों के शौकीन हैं बगलामुखी के महंत
बगलामुखी मंदिर के महंत और ट्रस्ट के अध्यक्ष रजत गिरी को महंगी गाड़ियां खरीदने का शौक है। उनके पास महंगी गाड़ियां हैं भी। सूत्रों के अनुसार वे महंगी गाड़ियां खरीदकर उन्हें बदलते रहते हैं। सोशल मीडिया में वह महंगी गाड़ियों के प्रति अपना शौक दिखाते रहते हैं।

Related posts