बंजार में बनेगा 50 बिस्तरों का अस्पताल

बंजार (कुल्लू)। विधानसभा क्षेत्र बंजार में जल्द ही पचास बिस्तरों का अस्पताल बनेगा। बजट सत्र में विधायक कर्ण सिंह ने यह मुद्दा उठाया था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने प्रथम चरण के तहत अस्पताल का विस्तार कर पचास बिस्तरों की व्यवस्था करने की घोषणा कर दी है। यह जानकारी सराज जोन कांग्रेस के मुख्य सलाहकार एवं किसान बागवान मंच बंजार के अध्यक्ष भगत राम ठाकुर ने दी।
उन्होंने बताया कि बजट सत्र में बंजार विस के विधायक कर्ण सिंह ने विधानसभा सदन में बंजार क्षेत्रों की मांगों को रखा था। कर्ण सिंह ने मुख्य रूप से बंजार में अस्पताल भवन का विस्तारीकरण, बाईपास सड़क तथा अग्निशमन केंद्र जैसी मुख्य मांगों को उठाया है। इनमें से बंजार के अस्पताल के लिए स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने प्रथम चरण में 50 बिस्तरों का बंदोबस्त करने और सरकार ने बंजार बाईपास को नाबार्ड में तहत बनाने की घोषणा की है।
भगत राम ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर तथा बंजार के विधायक कर्ण सिंह का आभार प्रकट किया है। कहा कि बंजार क्षेत्र काफी सालों से विकास की दृष्टि से पिछड़ा था। अब विधायक कर्ण सिंह के नेतृत्व में बंजार क्षेत्र विकास की दृष्टि से आगे बढ़ेगा। भगत राम ने कहा कि विधायक कर्ण सिंह बंजार क्षेत्र से जुड़ी अन्य मांगों टैक्सी स्टैंड, लारजी सब्जी मंडी, बंजार में लोक निर्माण विभाग का क्षेत्रीय कार्यालय और एचआरटीसी का सब डिपो खोलने की स्वीकृति के लिए भेजेंगे।

Related posts