बंजार-बठाहड़ सड़क पर सफर मुश्किल

गुशैणी (कुल्लू)। बंजार-बठाहड़ सड़क खस्ताहाल होने से तीर्थन घाटी की आठ पंचायतों के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। तीर्थन वैली के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क का मुख्य दरबार होने से यहां घूमने आने वाले देसी-विदेशी सैलानी भी खासे परेशान हैं। 1974-75 में बनी 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालात इन दिनों इतनी खराब है कि स्थानीय लोग भी इस सड़क पर वाहन चलाने से कतराने लगे हैं।
ग्रेट हिमायलन नेशनल पार्क के शाईरोपा घूमने आए महाराष्ट्र के पर्यटक सुभाष और नीता नागेश्वर के अनुसार बंजार से शाईरोपा तक सड़क की हालात काफी खराब है। इस उबड़-खाबड़ मार्ग पर सड़क पर वाहन चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्थानीय कारोबारी नरेंद्र शर्मा, अतुल शर्मा, भगवान दास, थरवन लाल, मनु शर्मा, नरोत्तम ठाकुर, भागी राम तथा संजय शर्मा के अनुसार पर्यटन की दृष्टि से विख्यात तीर्थन घाटी और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क का प्रवेश दरबार होने से यहां सालाना हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक सैर सपाटे के लिए आते हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को स्वागत गड्ढों से अटी पड़ी बंजार-बठाहड़ सड़क से हो रहा है। समर सीजन को देखते हुए मार्ग की टारिंग होना आवश्यक है, अन्यथा घाटी में जहां पर्यटकों की आवाजाही घटेगी वहीं उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। इस संबंध में लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता आरपी शर्मा ने बताया कि इस साल बंजार-बठाहड़ सड़क के करीब 10 किलोमीटर हिस्से को पक्का किया जाएगा। चुनाव आचार संहिता के चलते सड़क की टारिंग प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

Related posts