चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करें

कुल्लू। मंडी लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव आयोग के नियुक्तव्यय पर्यवेक्षक अभिराम खरे ने जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में गठित वीडियो सर्विलेंस टीम, वीडियो व्यूइंग टीम, अकाउंटिंग टीम, उड़न दस्तों और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अन्य सभी टीमों के प्रभारियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया है, जिससे मतदाता निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भयता से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
रविवार को बचत भवन में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी कमेटियों के प्रभारियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए अभिराम खरे ने विभिन्न समितियोें द्वारा किए जा रहे चुनाव कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने उड़नदस्तों व स्टेटिक सर्विलैंस टीमों को अवैध धनराशि और शराब के वितरण पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान बैंक खातों से अधिक धनराशि निकलना और शराब के ठेकों में शराब की बिक्री का बढ़ जाना भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करता है। इसलिए संबंधित कमेटियों को इन प्रक्रियाओं पर विशेष निगरानी रखनी पड़ेगी, जिससे मतदाताओं को दिए जाने वाले सभी तरह के प्रलोभनों को रोका जा सके। लोकसभा चुनाव में प्रत्येक प्रत्याशी 70 लाख तक की धनराशि चुनाव प्रचार-प्रसार पर खर्च कर सकता है। सभी उम्मीदवारों के चुनाव खर्च पर कड़ी नजर रखने के लिए ही चुनाव आयोग ने विभिन्न कमेटियों का गठन किया है। समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राकेश कंवर, एडीएम विनय सिंह ठाकुर, आयकर विभाग के अधिकारी देशराज यादव और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी कमेटियों के प्रभारी भी मौजूद रहे।

Related posts