फौजी ने मुर्गियों पर कर दी फायरिंग

अंब (ऊना)। क्षेत्र के अप्पर भंजाल में एक व्यक्ति ने मुर्गियों पर फायरिंग कर दी। घटना के संदर्भ में अप्पर भंजाल के ही निवासी एक व्यक्ति ने अंब थाने में शिकायत कर दी है। पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। हालांकि, मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्पर भंजाल निवासी विजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप जड़ा है कि उनके गांव में छुट्टी पर आए एक सैनिक ने शिकार करने की नीयत से उसकी मुर्गियों पर फायरिंग कर डाली। हालांकि, घटना के दौरान किसी भी मुर्गी को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना के दौरान कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। विजय कुमार की शिकायत के आधार पर अंब पुलिस ने छानबीन आरंभ कर दी है। डीएसपी विजय सकलानी ने बताया कि अप्पर भंजाल में फायरिंग होने के संदर्भ में सूचना मिली है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। आरंभिक छानबीन के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।

Related posts