फंदा लगाकर युवक ने की आत्महत्या

संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र के अजौली में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। युवक की पहचान हैप्पी निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। वह अजौली में परिवार संग एक किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह टीबी का मरीज था और बीमारी के चलते परेशान रहता था।
पुलिस के अनुसार अजौली गांव में किराये के मकान में 32 वर्षीय हैप्पी पुत्र गरीब दास निवासी होशियारपुर ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। जब हैप्पी की पत्नी दोपहर को अपने काम से लौटी, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक हैप्पी ने दरवाजा नहीं खोला। महिला ने खिड़की से झांककर देखा, तो हैप्पी पंखे पर फंदे के साथ लटक रहा था। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। हैप्पी के दो बच्चे हैं और वह खुद टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम करता था। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Related posts