पेड़ से टकराई बस, 13 घायल

सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत नोहली पुल के समीप निगम की बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में दर्जन भर से अधिक यात्री घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से पटलांदर जा रही हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67-7582) नोहली पुल के समीप हनुमान मंदिर के साथ एक पेड़ से टकरा गई। हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ है। हादसे में 13 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर ले जाया गया। गंभीर घायल वरुण (31), उर्मिला (53), जसवंत (57), लीला देवी (72), मुकेश (37) और परिचालक को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद तहसीलदार सुजानपुर और नप अध्यक्ष मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे। पीड़ितों को फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। रेफर घायलों को दो-दो हजार, जबकि अन्यों को 500-500 रुपये की राशि फौरी राहत के तौर पर दी गई है। पुलिस टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। परिवहन निगम के आरएम प्रदीप कुमार का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घायलों की सूची
सुनीता देवी, विनोद कुमार, उर्मिला देवी, वंदना कुमारी, लीला देवी, जसवंत, संतोष गुलेरिया, प्रशांत, विशाल, शिखा, पुरुषोत्तम, वरुण और बस चालक मुकेश।

Related posts