
हमीरपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर चार्जशीट में लगाए आरोपों के विरोध में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ कटोच की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का पुतला जलाया। इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सौरभ कटोच ने कहा कि कांग्रेस की हमीरपुर रैली से भाजपा घबरा गई है। रैली में उमड़े जनसैलाब ने दिखा दिया कि अब राज्य में भाजपा का कोई वजूद नहीं है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। बेदाग छवि वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की चार्जशीट झूठ का पुलिंदा है। यह तो प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह का बड़प्पन है जो आरोप सिद्ध होने पर राजनीति से संन्यास लेने की बात कह रहे हैं। कोई ओर नेता होता तो मानहानि का दावा ठोकता। कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए में फर्जीवाड़ा किया है जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री को आगाह किया कि वह बिना शर्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगे अन्यथा एनएसयूआई जिला इकाई उनका घेराव करेगी।
इस अवसर पर एनएसयूआई पदाधिकारी आशीष गुलेरिया, अश्विनी कुमार, कैंपस अध्यक्ष मधु बाला, सपना रानी, शैलजा, आरती, विशाल, कार्तिक पुरी, अरुण सिंह, जोगी, राकेश शर्मा, रोहित कटोच, पुष्कर, करण, विक्की शर्मा इत्यादि मौजूद रहे।
