पालमपुर अस्पताल में महिलाएं मुश्किल में

पालमपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का दम भरने वाले उपमंडलीय सिविल अस्पताल पालमपुर में स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद खाली चल रहा है। इससे महिलाओं को उपचार करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. अनुभव शर्मा का अब टांडा मेडिकल कॉलेज में तबादला हो गया है। इससे आए दिन लोगों को टांडा या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। इस समय जिला कांगड़ा के पालमपुर अस्पताल में छह से 700 तक ओपीडी है, जो टांडा मेडिकल कॉलेज के बाद जिले में सबसे ज्यादा है। अस्पताल में हर रोग का स्पेशलिस्ट मौजूद है, लेकिन इस समय स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने से अस्पताल में उपचार को आने वाली महिलाओं को झटका लग रहा है। अस्पताल में जोगिंद्रनगर, जयसिंहपुर, हारसी, खुंडियां तक लोग इलाज के लिए आते हैं। एसएमओ डा. विनय महाजन ने कहा कि स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से समस्या तो है मगर अस्पताल प्रबंधन फिर भी काम चला रहा है। इस संदर्भ में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
उपमंडल के लोगों चैन सिंह, मिलाप चंद, हरेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, विनीत कुमार, महेंद्र सिंह, विनोद, कमला, शोभना, कांता, विकास, विजय, कश्मीर सिंह, काजल, मुनीष, अमर सिंह, अनुराग, राजेश, संजीव ठाकुर, प्रदीप कुमार, देश राज, संतोष कुमार, देवेंद्र सिंह, कंचन, विशाल, अजय शर्मा, विनय कुमार, दलजीत सिंह ने सरकार और विधायक एवं विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल से मांग की है कि अस्पताल में जल्द स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाए।

Related posts