पानी की पाइप टूटी, हजारों लीटर पानी बर्बाद

धर्मपुर (सोलन)। मुख्य बाजार धर्मपुर में आईपीएच विभाग की लापरवाही के चलते हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। शुक्रवार रात को आईपीएच विभाग की ओर से बिछाई गई करीब चार इंच मोटी पाइप टूट गई। जिससे करीब 8 से 10 घंटों तक पानी खुले में बहता रहा। इस दौरान आईपीएच विभाग को कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। शनिवार दोपहर लगभग 11 बजे पानी की सप्लाई रुकने से लीकेज बंद हुई। इसके अतिरिक्त धर्मपुर में बना आईपीएच विभाग को पेयजल टैंक भी ओवर फ्लो होकर बहता रहा। लोगों को आरोप है कि यहां के कई गांव में एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई नहीं हुई। इस लापरवाही के चलते धर्मपुर पंचायत प्रधान और लोगों में खासा रोष व्याप्त है।

एक सप्ताह से लोग पानी को तरसे
स्थानीय निवासी सोहन लाल, जीतराम, दीपक, दिलाराम, प्रकाश, प्यारचंद, अंजलि, राजकुमार, उषा और सुखराम ने कहा कि उनके गांव में 7-8 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं की गई। गर्मियों के चलते अधिकतर पेयजल स्रोत सूख गए हैं। लोगों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। धर्मपुर के सिहारड़ी चमारा, पड़ाव, सिहारड़ी मुसलमाना और धार की बेड़ आदि गांव में पानी की सप्लाई बाधित है।

विभाग को करनी चाहिए सुचारु सप्लाई : प्रधान
धर्मपुर पंचायत के प्रधान महेश गुप्ता ने कहा कि आईपीएच विभाग की लापरवाही के चलते लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि विभाग कर्मचारियों को सप्लाई सुचारु करनी चाहिए।

विभाग के एक्सईएन सोलन हेमंत तनवर ने कहा कि टैंक ओवर फ्लो होने पर संबंधित कर्मचारियों से जबाव मांगा जाएगा। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं टूटी पाइप को जल्द ठीक करवाया जाएगा व सप्लाई सुचारु करवा दी जाएगी।

Related posts