बजट मंजूर, फिर भी नहीं बनी पार्किंग

(सोलन)। कंडाघाट में बजट होने के बावजूद भी पार्किंग का निर्माण नहीं हो पा रहा है। कारण है कि प्रशासन पार्किंग निर्माण के लिए जगह ढूंढने में नाकाम साबित हो रहा है। पार्किंग के लिए करीब 10 लाख रुपये रिजनल टूरिज्म डिवेल्पमेंट के नाम स्वीकृत हो चुके हैं।
कंडाघाट में करीब 150 वाहनों के लिए पार्किंग निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। जो दो साल से लंबित पड़ा है। स्थानीय लोग कई साल से पार्किंग निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पार्किंग निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। जिससे लोगों में काफी रोष भी है। कंडाघाट के नवनीत, राजेश गुप्ता, सुरेश गर्ग, सुभाष कोड़ा, आशीष, वर्मा, बलविंद्र, संजीव शर्मा, नरेंद्र शर्मा, भूपेंद्र ठाकुर, दीपक शर्मा और इंद्र सिंह का कहना है कि पार्किंग न होने की वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क के किनारों पर गाड़ी खड़ी करनी पड़ती है। जिसमें कई बार चालान भी कटता है। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। कंडाघाट में बहुत सी जगह है जहां आसानी से पार्किंग का निर्माण किया जा सकता है। पंचायत और प्रशासन उन जगहों को अनदेखा कर रही है।

पार्किंग के लिए स्थान ढूंढा जा रहा : बीडीओ
इस मामले में कंडाघाट सब डिविजन बीडीओ भुवन शर्मा के अनुसार कंडाघाट में पार्किंग के लिए टूरिज्म डिवेल्पमेंट के नाम पर दस लाख रुपये की राशि काफी समय से स्वीकृत हुई है, लेकिन पंचायत पार्किंग बनाने के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाई है। वहीं पंचायत सिरीनगर प्रधान रजनी शर्मा का कहना है कि पंचायत ने अपने स्तर पर पार्किंग जमीन तलाशने के प्रयास किए शुरू हैं। अभी कोई जगह नहीं मिली है। सही जगह मिलते ही पार्किंग बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts