पाक तस्कर गिरोह से 5 करोड़ की हैरोइन बरामद

तरनतारन: सी.आई.ए. स्टाफ तरनतारन की पुलिस ने पिछले दिनों पकड़े गए पाक संबंधित तस्कर गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के बाद पकड़े गए 2 अन्य तस्करों से पाकिस्तानी मोबाइल, पाकिस्तानी सिम और 1 किलो हैरोइन, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जाती है, बरामद करने में सफलता हासिल की है।

आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल कर लिया गया है। रिमांड के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे होने की संभावना है। सी.आई.ए. स्टाफ के ए.एस.आई. सुखदेव सिंह ने बताया कि पिछले दिनों सूचना के आधार पर 1 महिला सहित 5 तस्करों को 12.5 करोड़ की हैरोइन और 2 पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।

इसके बाद दोषियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर एस.एस.पी. के दिशा-निर्देशों पर इंस्पैक्टर इंद्रजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने दोषी मनप्रीत सिंह सहित 2 दोषियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दोनों दोषियों से आधा-आधा किलो हैरोइन बरामद हुई।

दोषी मनप्रीत सिंह से 1 पाकिस्तानी सिम और पाकिस्तानी मोबाइल भी बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह पाकिस्तान के मशहूर तस्कर आशिक और पाकिस्तानी चेयरमैन के लड़के से बातचीत करता था और उससे ही हैरोइन मंगवाता था। सुखदेव सिंह ने बताया कि मनप्रीत से और पूछताछ की जाएगी।

Related posts