
भुंतर (कुल्लू)। भारी बर्फबारी के चलते पांगी घाटी के किलाड़ क्षेत्र के लोगों का जीवन दूभर हो गया है। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं। वहीं मौसम खराब रहने से किलाड़ के लिए हवाई सेवा प्रभावित रहने से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों सहित घाटी के लोगों को किश्तवाड़ होकर घाटी से बाहर निकलना पड़ रहा है। वहीं लोगों को आ रही दिक्कतों के कारण स्व जागृति संस्था शौर किलाड़ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
संस्था के प्रधान देवराज शर्मा ने बताया कि किलाड़ सीएचसी में विशेषज्ञ का एक पद सरकार द्वारा मंजूर है, लेकिन आज तक यहां कोई डॉक्टर नहीं आया। एमबीबीएस के सात पदाें में से चार खाली चल रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे की सुविधा न होने के कारण लोगों को कुल्लू, चंबा के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। दंत चिकित्सक सहित स्टाफ नर्सों का भी टोटा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी के कारण लैब भी खाली है। पांगी घाटी में लोगाें को स्वास्थ्य सुविधा न मिलने के कारण सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। घाटी के पूर्थी, धरवास और सेचू नाला स्वास्थ्य केंद्रों में कोई भी विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है। संस्था के महासचिव भीम सिंह ठाकुर ने बताया कि पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा पूरी तरह चरमरा गई है।
