पत्थर की चपेट में आने से युवक की मौत

सुंदरनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत बटबाड़ा में वीरवार शाम को जंगल में लकड़ियां लेने गए युवक की पहाड़ से गिरे पत्थर से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बटबाड़ा निवासी युधिष्ठर कुमार (37) वीरवार दोपहर को जंगल में लकड़ियां लेने के लिए गया हुआ था। इस दौरान जंगल में बरिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए वह एक पहाड़ के नीचे बनी मिट्टी की एक छोटी सी गुफा में खड़ा हुआ। इस दौरान पहाड़ पर भू-स्खलन हो गया तथा करीब एक डेढ़ टन वजन का एक विशाल पत्थर लुढ़क कर उसी गुफा पर जा गिरा, जिसके नीचे दबने से युधिष्ठर की मौके पर ही मौत हो गई। जब वह तीन बजे तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश आरंभ हुई। इसी दौरान गांव वाले जब वापस लौट रहे थे तो एक की नजर विशालकाय पत्थर के नीचे से बाहर की ओर नजर आ रहे एक बाजू पर पड़ी। इस पर उन्होंने गांव में संदेश भेज और लोगों को बुलवाया तथा लोहे की बड़ी बड़ी रॉड के साथ कड़ी मशक्कत के उपरांत पत्थर को उसके स्थान से खिसकाया। जहां युधिष्ठर को उन्होंने बुरी तरह से कुचला हुआ लहुलुहान हालत में पाया। जांच करने पर ग्राणीणों ने पाया कि उसके प्राण पखेरु उड़ चुके है। उन्होंने सुंदरनगर पुलिस को भी इस हादसे की सूचना दी। शुक्रवार को पुलिस ने उसके शव का सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पंचायत के उप प्रधान खेमराज ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक घर में अकेला कमाने वाला था। उसके दो लड़के व एक लड़की हैं, जो सभी विकलांग हैं। उन्होंने प्रशासन से शोकाकुल परिवार को उदारता से सहायता करने की मांग की है। इधर, उपमडलाधिकारी हरिकेश मीणा ने बताया प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी सहायता के तौर पर दस हजार की राशि प्रदान की गई है।

Related posts