नेपाल सीमा पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

चंपावत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिरीक्षक श्याम सिंह ने जवानों को निर्देश दिए हैं कि नेपाल सीमा पर बराबर नजर रखें। नेपाल से होने वाली तस्करी तथा अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
एसएसबी की पांचवीं वाहिनी मुख्यालय में जवानों को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक ने कहा कि जवानों को किसी एक स्थान पर तीन साल तक रहना होगा। उसके बाद उनकी पोस्टिंग कर दी जाएगी। उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाया और उनकी हर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके पहले महानिरीक्षक ने डॉग स्कॉड, यूनिट कैंटीन, कपड़ा स्टोर, अंकुर स्कूल की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को मिलने वाले भोजन की जानकारी हासिल की। अंकुर स्कूल में जवानों के छोटे बच्चों को शिक्षा दी जाती है। वहां की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष जताया।
अपने दो दिवसीय दौरे के समय महानिरीक्षक ने वाहिनी मुख्यालय में चल रही हर गतिविधि की जानकारी ली। उन्होंने नेपाल सीमा पर सुरक्षा इंतजामों पर विशेष रुचि ली। पिछले कई वर्षों से नेपाल सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसबी के पास है। इस मौके पर कार्यवाहक सेनानी यतिन नेगी, डा. हेमरोज, डा. अशोक गौड़, हेम ततराड़ी समेत अन्य जवान और अधिकारी मौजूद थे।

Related posts