निगम की सवारियों पर रोडवेज बसों की सेंध

हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में रात के समय सफर करने से यात्रियों ने तौबा कर ली है। रात्रि सफर के किराए में बढ़ोतरी होने से यात्री अब बाहरी राज्यों की बसों को तव्वजो दे रहे हैं। ऐसे में रोडवेज की बसों ने निगम की सवारियों में सेंध लगाई है। करीब 60 से 70 फीसदी यात्री बाहरी राज्यों की बसों में रात का सफर कर रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारियों के अनुसार रात्रि किराए में बढ़ोतरी से यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
निगम को घाटे से उभारने के लिए निगम प्रबंधन ने रात आठ से सुबह छह बजे तक रात्रि सफर में 20 रुपए बढ़ोतरी की थी। अतिरिक्त किराया उन्हीं यात्रियों से वसूला जाना था जो 50 किमी या इससे अधिक सफर तय करते हैं लेकिन इससे निगम को घाटे से उभारने के बजाय निगम और घाटे में जा रहा है। यात्री निगम की बसों में रात का सफर करने से तौबा करने लगे हैं।
सूत्रों की मानें तो हमीरपुर डिपो में निगम के करीब ढाई दर्जन रूट हैं जिन पर निगम की बसें बाहरी राज्यों के रूटों पर दौड़ती हैं। इनमें आठ रूट दिल्ली, दो लुधियाणा, एक चंडीगढ़, दो हरिद्वार और एक जालंधर आदि के हैं। रात्रि किराए में बढ़ोतरी होने से इन रूटों पर निगम को लाभ होना चाहिए था लेकिन किराए में बढ़ोतरी होने से निगम को और घाटे से जूझना पड़ रहा है और प्रति रूट पर एक से डेढ़ हजार रुपए घाटा हो रहा है। ऐसे में निगम प्रबंधन को घाटे से उभारने का फैसला निगम को और घाटे में ले जा रहा है।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक अवतार सिंह का कहना है कि रात्रि बसों में किराए बढ़ोतरी से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

Related posts