नादौन में आज गूंजेंगे युवा कलाकारों के तराने

नादौन (हमीरपुर)। सारेगामा संगीत अकादमी नादौन के सौजन्य से बसंतोत्सव-2013 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर से आए युवा कलाकार सुरों का संग्राम शुरू करेंगे। कार्यक्रम में दूसरे प्रदेशों के कलाकार भी भाग लेंगे। अकादमी द्वारा पिछले एक दशक से युवाओं में संगीत प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए हर वर्ष कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। संगीत अकादमी के संयोजक अजय डोगरा ने बताया कि ऋतुराज बसंत के आगमन पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दूसरे राज्यों के कलाकार भी भाग लेंगे। दो सत्रों में आयोजित होने वाली प्रतिस्पर्धा के प्रथम चरण में तीन मार्च सुबह 9 बजे सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्वलित करने तथा आरती वंदना के बाद हवन यज्ञ का आयोजन होगा। उसके बाद 10 से 4 बजे तक भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता के मुकाबले होंगे। इसमें शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय वाद्य संगीत, एकल तबला वादन में युवा कलाकार फन के जौहर दिखाएंगे। द्वितीय सत्र सायं आठ से देर रात्रि 11 बजे तक चलेगा। इसमें शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध कलाकार डाक्टर अशोक चंबियाल सितार वादन, पंडित सुधीर पांडे तबला वादन, कश्यप बंधु शास्त्रीय गायन, मुरली मनोहर तबले पर संगत प्रस्तुत करेंगे। प्रसिद्ध संगीतज्ञ डाक्टर लाल चंद हारमोनियम पर संगत देंगे।

Related posts