धोखाधड़ी मामले में महाराष्ट्र पुलिस के छापे

रुड़की। एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने सिविल लाइंस कालोनी में दो लोगो की तलाश में छापे मारे। बताया गया है कि दोनों ने चेक पर नाम बदलकर एक करोड़ रुपये निकाले थे।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी जेपी जुयाल ने बताया कि शुक्रवार को महाराष्ट्र के नागपुर जिले की सीता बरड़ी थाना पुलिस रुड़की पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सीता बरड़ी निवासी अशोक और रामगोपाल लक्सर क्षेत्र की एक कंपनी में कोयला सप्लाई करते हैं। कंपनी की ओर से दोनों के नाम पर एक करोड़ रुपये का चेक भेजा गया था। लेकिन सिविल लाइंस निवासी अश्वनी सैनी और संजय सैनी जो कि बिचौलिए हैं, ने चेक पर नाम बदलकर बैंक से पेमेंट करा लिया। मामला संज्ञान में आने के बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम लौट गई!

Related posts