दो जगह आगजनी से हजारों का नुकसान

नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर की पंचायत हटली जम्बाला में शनिवार को दो जगह आग लगने से काफी नुकसान हो गया। पहले मामले में कुलदीप सिंह के खेतों में एकाएक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से सारा पशुचारा खाक हो गया। खेतों को जब आग ने अपनी चपेट में लिया तो उस समय कुलदीप सिंह तथा उसका परिवार बाहर गया था। जब उनको आग का पता चला तो इसकी जानकारी पंचायत के पूर्व प्रधान एवं ब्लाक कांग्रेस महिला अध्यक्ष सुमन शर्मा को दी।
पूर्व प्रधान ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया तथा आग पर काबू पाया गया। सुमन शर्मा ने बताया कि यदि मौके पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो कुलदीप सिंह के घर के साथ साथ अन्य खेत भी चपेट में आ सकते थे। उन्होंने बताया कि कुलदीप सिंह एक सामान्य परिवार से संबंध रखता है तथा खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। इस आगजनी से उसका लगभग 25 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं उसी पंचायत में एक अन्य परिवार के खेतों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार शारदा देवी पत्नी चैन सिंह अपने परिवार सहित गांव से बाहर गई हुई थी। शनिवार को एकाएक शाम 4 बजे उनके घर के पास खेतों में आग लग गई। कुछ दूरी पर भक्तों की टोली मंदिर में जा रही थी। उन्होंने गांव वालों की मदद से प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू किया। पंचायत की पूर्व प्रधान सुमन शर्मा ने बताया कि शारदा देवी का इस आग से लगभग 25 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन तथा सरकार से मांग की है कि दोनाें पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Related posts