
सराहां (सिरमौर)। सोमवार देर शाम को क्षेत्र में आई वर्षा ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है वहीं तेज हवाओं तथा तूफान कई इलाकों में भारी नुकसान भी किया है। सोमवार को आए तेज हवाओं के झोंकों ने जहां कई पेड़ों को जमींदोज किया, वहीं कुछ क्षेत्रों में बिजली की तारें टूटने से विद्युत सप्लाई पर असर पड़ा है।
पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत सराहां मिल्क प्लांट के समीप भारी भरकम पेड़ गिरने से यातायात अवरुद्ध हुआ है। ठाकुर द्वारा सेक्शन के भीतर आने वाले अपरों गांव के पास बिजली के ट्रांसफार्मर को जोड़ने वाली तारें भी टूटी हैं। क्षतिग्रस्त तारों में अधिकतर एचटी लाइन की तारें हैं।
इसके अलावा बीते सोमवार को बेलग-बनाहां की सेर के अंतर्गत आने वाले बेलग गांव के पास एलटी की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। ढंग्यार स्थित मापो गांव में भी भारी नुकसान की सूचना मिली है। यहां भी एचटी लाइनों के ऊपर बड़े पेड़ गिरे हैं।
साहनोल गांव में भी पेड़ों के टूटने का समाचार है, जिस कारण पांच घंटे से अधिक कई क्षेत्रों में यहां बिजली की सप्लाई बाधित रही। डुंगाघाट-बागथन सड़क के बीचों बीच चलोग गांव में सड़क पर भारी पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा है। हालांकि बिजली विभाग तथा लोनिवि के कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर तक आधे से अधिक नुकसान को दुरुस्त करवा लिया था।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता एसके शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के कई इलाकों में पेड़ों के गिरने से विद्युत सप्लाई प्रभावित रही है। कई पेड़ उखड़ कर बिजली की लाइनों पर गिरे हैं। बोर्ड ने अपने कर्मचारियों को विभिन्न क्षेत्रों में भेज दिया है। जल्द ही सभी स्थानों पर बिजली की सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।
