सोलन-मीनस सड़क पर सात घंटे जाम

रोनहाट (सिरमौर)। सोलन-मीनस मार्ग पर डाहर के समीप मंगलवार सुबह 8 बजे के करीब सीमेंट से भरा एक ट्रक सड़क में फंस गया। ट्रक में आई तकनीकी खामी के चलते पूरी सड़क यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई। सड़क के दोनों किनारों पर भारी संख्या में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। रोनहाट से हरिपुरधार की ओर जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेकर अपने स्थानों तक पहुंचना पड़ा। सीमेंट से भरे ट्रक में अचानक तकनीकी फाल्ट आ गया। जाम में दो निजी बसों सहित राज्य परिवहन निगम नाहन तथा शिमला की 2 बसें भी पूरी तरह से बीच में फंस कर रह गईं। जाम में फंसे यात्री डीआर चौहान, प्रताप ठाकुर, कमला देवी, लाल सिंह, संतराम, जालम सिंह, रतिराम, जगदीश कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता को जानकारी भेजी है। लेकिन मंगलवार दोपहर 6 घंटे बीत जाने के बाद भी जाम नहीं खोला जा सका था। उधर, इस संबध में लोनिवि उपमंडल रोनहाट सेक्शन पनोग के कनिष्ठ अभियंता केसी चंदेल ने बताया कि ट्रक को हटाने के लिए विभाग ने जेसीबी मशीन को भेज दिया गया है। इसके अलावा स्थानीय मेकेनिकों को भी मौका पर भेजा गया है। ट्रक को हटाने की कोशिश की जा रही है।

Related posts