
राजगढ़ (सिरमौर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक फीटर को स्थानीय पुलिस ने फर्जी आयु प्रमाण के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। फीटर सूरत सिंह के खिलाफ उसी की पंचायत के एक व्यक्तिनीरज शर्मा ने शिकायत दर्ज की थी कि उसकी रिटायरमेंट की आयु कई वर्षों पूर्व निकल चुकी है, लेकिन विभाग को गलत प्रमाण पत्र देकर यह व्यक्ति अभी भी नौकरी कर रहा है।
पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर गत माह सूरत सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन प्रारंभ कर दी थी। थाना प्रभारी अंकुश डोगरा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को यह सबूत मिले हैं कि उसकी आयु अधिक है, जबकि विभाग को उसने कम आयु के प्रमाण दे रखे हैं। पुलिस ने इसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 तथा 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस बारे में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता मंदीप गुप्ता से संपर्क करने पर बताया कि पुलिस ने सूरत सिंह को गिरफ्तार करने की लिखित सूचना उन्हें दे दी है, जिसे उन्होंने आगामी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।
