तीसा में वन माफिया सक्रिय, रातोंरात कट रहे पेड़

तीसा (चंबा)(जोगिन्दर)उपमंडल तीसा में वन काटू सक्रिय हैं। उपमंडल में रातोंरात लाखों की लकड़ी कटने के कई मामले सामने आ चुक हैं। इसके बावजूद विभाग वन काटुओं को दबोचने में विफल रहा है। हालांकि विभाग लकड़ी काटने वाले गिरोह को दबोचने के लिए जगह-जगह नाकाबंदी की बात तो कर रहा है, मगर क्षेत्र की सदियों पुरानी कीमती वन संपदा की चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। वीरवार को भी जब वन विभाग की टीम वनपाल महिंद्र जसरोटिया की अगुवाई में वन बीट पुखतला के अंतर्गत आने वाले गुआड़ी के जंगल में गश्त कर रही थी। इस दौरान जंगल में करीब 20 हजार रुपये की लकड़ी बरामद की गई। इस मामले में भी वन माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो चुका था। वन विभाग की टीम ने लकड़ी को कब्जे में तो ले लिया, मगर पेड़ों को कटने से नहीं बचाया जा सका। उधर, वन पाल महिंद्र जसरोटिया ने बताया कि वह विभाग के कर्मचारी कर्म चंद, श्याम लाल, हरि राम के साथ रात करीब 11 बजे गुआड़ी जंगल में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग अवैध रूप से लकड़ी काट रहे थे। उन्होंने कहा कि जैसे ही वे वहां पहुंचे तो वन काटू वहां से भाग गए। बाद में उन्होंने कैल के करीब दस स्लीपर बरामद कर लिए हैं। लकड़ी क ो वन विभाग के कार्यालय पहुंचा दिया गया है। उधर, वन विभाग के आरओ वीरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि हर बीट में नाकेबंदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कटान करने वालों पर विभाग की कड़ी नजर है। अगर कोई पकड़ा जाता है तो विभाग की ओर से उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts