डिसवाणी सड़क पर दो माह से बस बंद

रोहडू। डिसवाणी पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर करीब दो माह से निगम की बस सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। इसके चलते संपर्क मार्ग से जुड़े लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने निगम के अधिकारियों से कई बार बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई, लेकिन सड़क की खस्ता हालत के चलते निगम मार्ग पर बस नहीं भेज रहा है। चिड़गांव तहसील के अंतर्गत डिसवाणी पंचायत की टिक्कर, गुल्ली, खोड़सु, क्याणी, मांऊटाड़ी, थिलोचा तथा कबरोण गांव के लोग इस सड़क से लाभान्वित होते हैं। मार्ग पर छोटे वाहन तो चल रहे हैं, लेकिन निगम की बस सेवा बीते दो माह से ठप है। इसके चलते लोगों को निजी वाहनों में भारी भरकम किराया चुकाकर घरों तक पहुंचना पड़ रहा है। कई बार यातायात का साधन न मिलने पर लोगों को करीब सात से आठ किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। परेशानी से जूझ रहे लोगों की मांग है कि शीघ्र सड़क पर बस सेवाएं शुरू की जाएं। स्थानीय निवासी बालक राम, सत्या प्रकाश, कृष्ण देव, बीरबल, बांका राम, सुनील तथा विशाल ने बताया कि दो माह से निगम की बस सेवा मार्ग पर नहीं चल रही है। इसके चलते लोगों को अत्यधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार निगम के अधिकारियों से गुहार लगाई गई है, बावजूद इसके बस नहीं भेजी जा रही है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र निगम की बस सेवा शुरू की जाए। उधर, निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ख्याली राम ने बताया कि मार्ग की स्थिति ठीक न होने के कारण बस नहीं भेजी जा रही है। सड़क की हालत सुधरते ही रूट पर बस नियमित रूप से भेज दी जाएगी।

Related posts