टूटने लगा लोगों के सब्र का बांध

टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के नंगल कलां में पेयजल समस्या का समाधान न होने पर लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। लोगों में विभाग के प्रति रोष पनप गया है। वार्ड नंबर एक में पीने के पानी की समस्या को हल करने के लिए अब ग्रामीणाें ने बुधवार को 11 बजे टाहलीवाल आईपीएच कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है।
नंगल कलां के वार्ड नंबर एक से जसवंत सिंह, दिलदार सिंह, सुरेश कुमार, भूषण सिंह, विजय कुमार, रघुनाथ सिंह, राजमल, पुरुषोत्तम सिंह, ओंकार सिंह, माया देवी, पूनम नाहर, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार सहित ग्रामीणों ने बताया कि बीते दो माह से पेयजल समस्या को लेकर विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया। मगर विभाग के उच्चाधिकारी स्वयं मौके पर न आकर स्टाफ के कर्मचारियाें को भेजकर खानापूर्ति कर रहे हैं। जबकि मोहल्ले के लोगाें को अपने लिए पीने के पानी के अलावा मवेशियों के लिए भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग को कई बार अवगत भी कराया। समस्या हल न होने पर आईपीएच विभाग को अल्टीमेटम भी दिया गया था। विभाग का कोई भी अधिकारी उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए हल करने के लिए नहीं पहुंचा। ऐसे में उन्हें मजबूरन बुधवार को 11 बजे टाहलीवाल के आईपीएच विभाग के कार्यालय के समक्ष पीने के पानी की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उधर, एसडीओ पीएल शर्मा का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। लोगों को पीने का पानी सुचारु रूप से मुहैया कराने के लिए कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Related posts