झूठी बयानबाजी कर रही भाजपा : मंत्री

  • झूठी बयानबाजी कर रही भाजपा : मंत्री

शिमला:(वीरेन्द्र खागटा ) कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया और आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार एवं झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की बजाय प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के लिए रणनीति बनाने और झूठी बयानबाजी करने में जुटी है। दोनों मंत्रियों ने यहां जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा कि सरकार को अस्थिर करने के पीछे भाजपा के नेताओं की कुंठा नजर आती है।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि भाजपा नेता प्रदेश सरकार के 45 महीनों के दौरान किए गए विकासात्मक कार्यों से घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित बनाया है और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। पठानिया तथा चौधरी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में पिछले 45 महीनों के दौरान 15,500 स्कूल और 41 महाविद्यालय खोले व स्तरोन्नत किए हैं। प्रदेश में 3.87 लाख पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन उपलब्ध करवाई जा रही है।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन को बढ़ाकर 650 रुपए प्रतिमाह और 80 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को 1,200 रुपए प्रतिमाह किया है। वर्तमान सरकार की तरफ से 27 हजार से अधिक लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार प्रदान किया गया है जबकि 25 हजार अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है।

Related posts