जीप गिरी, दो महिलाओं की मौत, नौ घायल

रोहड़ू। सावड़ा से रोहड़ू आ रही ट्रैक्स जीप बुधवार सुबह हाटकोटी-पटसारी के बीच पब्बर नदी में जा गिरी। इसमें दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हुई है, जबकि हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल में भर्ती किया गया है। एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर दिया है।
हादसा चामशु झूले के साथ मुख्य सड़क पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त जीप में ग्यारह लोग सवार थे। चालक का वाहन से नियंत्रण खोने के बाद जीप करीब सौ फुट लुढ़कने के बाद पब्बर नदी में जा गिरी। लोगाें ने मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य शुरू किया। इसमें मांदल गांव निवासी कांता (24) पत्नी राजीव व बिमला पत्नी कल्याण सिंह (42) नलवा गांव, कोठू झगटान की मौके पर मौत हुई है। घायलों में नेपाली मूल निवासी वीर बहादुर, मटासा गांव निवासी गोवर्धन डाल्टा, कोयला गांव निवासी चुन्नी लाल, झाल्टा गांव निवासी मदनी, मांदल गांव निवासी राजीव, गिल्टाड़ी गांव निवासी दिनेश, बिहार के मजदूर सुनील व अखिलेश व खरशाल गांव निवासी कमल शामिल हैं। हादसे के समय वाहन को खरशाल गांव निवासी कमल चला रहा था। घायलों ने पुलिस को बताया कि चालक टैक्सी में सामने लगे पंखे को बार-बार छेड़ रहा था। अस्पताल में भर्ती घायल गोवर्धन डाल्टा ने बताया कि हादसे से पहले कई बार चालक को पंखे से छेड़छाड़ न करने की नसीहत दी गई, लेकिन वह नहीं माना। कुछ समय बाद जीप सड़क से बाहर होकर पलट कर नदी में जा गिरी। घायलों ने पुलिस को बताया कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ है।
डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा कि हादसे के समय वाहन में ग्यारह लोग व सेब की पेटियां भी भरी थीं।

Related posts