
चुवाड़ी (चंबा)। बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी महासंघ जिला चंबा के अध्यक्ष जगदीश चौहान ने कहा कि खंड भटियात के स्वास्थ्य कर्मचारियों को जुलाई 2012 से जारी की गई महंगाई भत्ते की किस्त का एरियर आज तक उनके जीपीएफ खाते में नहीं पड़ा है। इससे कर्मचारियों में रोष है। यह खुलासा कर्मचारियों की वर्ष 2012-13 की भविष्य निधि लेखा रिपोर्ट से हुआ है। अध्यक्ष ने कहा कि इसके अलावा कर्मचारियों के और भी कई प्रकार के बिलों का भुगतान नहीं हो पाया है। इसकी मुख्य वजह जिला के सबसे बड़े ब्लाक में बीएमओ कार्यालय में कोई स्थायी क्लर्क न होना है। कुछ दिन पहले ही परमजीत सिंह वरिष्ठ सहायक के तबादला आदेश जिला अस्पताल चंबा से बीएमओ कार्यालय समोट में हुए हैं। महासंघ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आग्रह किया है कि शीघ्र उन्हें समोट भेजा जाए। इससे कर्मचारियों के लंबित बिलों का भुगतान नियमित रूप से हो सकेगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष जगदीश चौहान ने 29 जुलाई को सौंपे गए 16 सूत्रीय मांगपत्र पर शीघ्र बैठक के लिए समय की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विद्यार्थी स्वास्थ्य कार्यक्रम पर चर्चा, स्वास्थ्य कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ प्रदान करने, समोट कार्यालय में रिक्त पदों को भरने, खंड भरमौर के उप स्वास्थ्य केंद्रों में एलपीजी हीटर उपलब्ध करवाने की मांग की है।
