मणिमहेश में पकड़ा चोर गिरोह

मणिमहेश (चंबा)। पुलिस ने मणिमहेश यात्रियों को लूट का शिकार बनाने वाले गिरोह को पकड़ लिया है। मणिमहेश यात्रा के छोटे न्हौण के दिन यह गिरोह डल झील में सक्रिय था और इसने कुछ श्रद्धालुओं को लूट का शिकार भी बनाया है। इस गिरोह के चार सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इनसे पुलिस ने 62 हजार की नकदी और कुछ महंगे मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन्हें पुलिस टीम पकड़ कर भरमौर ला रही है। फिलहाल सूचना है कि ये पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हो सकते हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम हड़सर से कुछ दूरी पर पहुंची थी। रास्ते में मोबाइल सिग्लन न होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। उधर, एसपी जगतराम ने चार जेबकतरों के पकड़े जाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह जब मणिमहेश श्रद्धालु डल झील के किनारे कपड़े खोल कर डुबकी लगा रहे थे तो इनमें से एक ने अपना पर्स गायब पाया। इस पर श्रद्धालुओं ने शोर मचा दिया। पुलिस ने तभी तलाशी लेना शुरू की तो यह पर्स आरोपियों के पास मिला। जब पुलिस ने गहनता से पड़ताल की तो श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चुराने वाले गिरोह के चार सदस्य हाथ लगे। इनसे करीब 62 हजार रुपये की नकदी व कुछ महंगे मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। इस बीच जब शोर मचने पर कुछ अन्य श्रद्धालुओं ने अपनी जेबें चैक कीं तो उनके पर्स भी गायब पाए गए। ये पर्स इन चारों से बरामद हुए हैं। इसके अलावा इनसे मिले मोबाइल फोन में से एक करीब तीस हजार रुपये कीमत का बताया जा रहा है। ज्ञात रहे कि हर बार मणिमहेश यात्रा के दौरान जब श्रद्धालु अपने कपड़े खोलकर झील में नहाने उतरते हैं, तो उनके कपड़ों से कीमती सामान चोरी हो जाता है। ऐसा हर साल होता रहा है, मगर यह पहला अवसर है, जब पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए किसी गिरोह को दबोचने में सफलता हासिल की है। एसपी ने बताया कि इस बार पुलिस यात्रा को सुगम बनाने के लिए पुरजोर कोशिश में लगी हुई है।
बाक्स
पहली बार मंदिर ट्रस्ट को होगी आमदनी
चंबा। मणिमहेश मंदिर ट्रस्ट को पहली बार आमदनी होने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन ने मणिमहेश के लिए शुरू की जाने वाली हवाई सेवा के किराए में से सभी टैक्स इत्यादि छोड़ कर बचने वाले प्रति यात्री आय में से पांच फीसदी राशि ट्रस्ट को देने का एग्रिमेंट किया है। इसके तहत हवाई सेवा से होने वाली आय का पांच फीसदी हिस्सा ट्रस्ट को मिलेगा। यह जानकारी उपायुक्त संदीप कदम ने दी।

Related posts