जिला की सुरंगों के निर्माण को प्राथमिकता दे सरकार

चंबा। चंबा वेल्फेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक स्थानीय सर्किट हाउस में हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष आरके महाजन ने की। बैठक में पहले सर्वप्रथम सभी सदस्यों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गई। इसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने दिल्ली में हुए गैंग रेप के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
सदस्यों ने लंबे समय से रुके जिला की जरूरी सुरंगों के निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द करवाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। सुरंगों का निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही है। सुरंग बनने से लोग जल्द गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके बाद सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को छठीं बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। इसके साथ ही ठाकुर सिंह भरमौरी को वन एवं मत्स्य मंत्री बनाने पर बधाई दी। इसके अलावा हर्ष महाजन को प्रदेश स्टेट कोआपरेटिव बैंक का अध्यक्ष और कुलदीप सिंह पठानिया को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष बनाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया गया। प्रेस सचिव दर्शन सिंह वर्मन ने बताया कि चंबा में बनने वाली विचाराधीन सुरंगों का निर्माण शीघ्र अति शीघ्र शुरू किया जाए। इसमें चैंणी पास, होली उतराला, देवी देहरा व चुवाड़ी का काम शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन नई सरकार से आग्रह करेगी कि उक्त सुरंगों का काम जल्द शुरू किया जाए।
इस मौके पर एसोसिएशन के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य एनडी सोनी के आकस्मिक निधन एवं वरिष्ठ सदस्य मान देई राणा के पति बलदेव सिंह राणा के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में तेज हिंस जसरोटिया, बिग्रेडियर आरएस जंवाल, चैन लाल शर्मा, धर्मपाल ठाकुर, दर्शन सिंह वर्मन, एआर शर्मा, योगेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, जेएन वाली, किशोरी लाल, बीसी पुरी, विश्वानाथ, डा. कि शोरी लाल, आरसी धीमान, हरबंस लाल पुरी, चेतन मरवाह, सुरेश कश्मीरी, एसके शर्मा और अन्य सदस्यों ने भाग लिया।

Related posts