जंगली सुअर के हमले से महिला घायल

पंडोह (मंडी)। जागर पंचायत के जागर नाला में गत बुधवार को जंगली सुअर ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल महिला का घर पर इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जागर गांव निवासी जमना देवी पत्नी रमेश कुमार अपने बच्चों को स्कूल से छुट्टी होने पर घर ले जा रही थी। अचानक नाले के बीच से निकल कर एक जंगली सुअर महिला पर झपट पड़ा। बच्चों के शोर मचाने पर सुअर भाग गया। हमले में महिला घायल हो गई। महिला का प्राइवेट अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद महिला अपने घर पर है।
इस बारे में वन विभाग सांबल वीट के वन रक्षक जीत राम ने कहा कि वह जागर पंचायत के उपप्रधान रमेश ठाकुर व वन कर्मचारी पूरन ठाकुर को साथ लेकर घटनास्थल व महिला के घर पहुंचे। महिला जमना देवी व उसके परिवार वालों को कहा गया कि जिला अस्पताल में इलाज करवा कर एक प्रर्थाना पत्र वन विभाग को दें। इस पर विभाग की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी, मगर महिला व उसके घर वालों ने कोई भी सहायता वन विभाग से लेने से इनकार कर दिया।

Related posts