छैऊंर पंचायत को दो विधायकों का साथ

मणिकर्ण (कुल्लू)। सदर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के छैऊंर पंचायत की जनता को इस बार एक नहीं बल्कि दो-दो विधायक का विकास में सहयोग मिलेगा। विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक गिले-शिकवों को भुला कर दोनों विधायक भाई क्षेत्र की विकास को लेकर एक बार फिर संजीदा दिखे। मौका था, मणिकर्ण घाटी के छैऊंर पंचायत में दोनों विधायकों को एक साथ की गई धाम का। ग्रामीणों के निमंत्रण पर कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह और बंजार हलके के विधायक कर्ण सिंह दोनों एक साथ रविवार को लाव लश्कर के साथ छैऊंर पंचायत पहुंचे। हालांकि छैऊंर पंचायत परिसीमन के बाद अब बंजार हलके से छिटक कर कुल्लू सदर में शामिल हो गई है। लेकिन, यही पंचायत कभी कर्ण सिंह का भी कर्मभूमि रही है। यही वजह है कि बंजार विधानसभा क्षेत्र से अलग होने के बावजूद कर्ण के दिल में यहां की जनता के लिए आज भी वही सम्मान है। राजपरिवार के दोनों भाइयों को एक साथ देख कर ग्रामीण गदगद हो उठे। पिछले सालों में क्षेत्र की अनदेखी से आहत महेश्वर सिंह ने कहा कि मणिकर्ण घाटी के दूरदराज शिलीहार और छैऊंर पंचायत में अब सड़कों का छाल बिछाया जाएगा। इलाके को सड़कों के जरिये प्रदेश की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हीरा रीबाग-संटेढ़, त्रैहण-नारोगी, बीरारानाला-चकरिंगा सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बनाया जाएगा। पिछली सरकार और उनके नुमाइंदों ने इलाके के लोगाें से झूठे वायदे करके चुनाव में महज वोट वटारने का काम किया है। दुर्भाग्य की बात है कि छरोड़नाला-बडोगी सड़क मार्ग का उद्घाटन कर महज 15 दिनों के लिए यहां पर बस सेवा शुरू करके जनता के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि अब घाटी में बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में समान विकास किया जाएगा। कर्ण सिंह ने कहा कि हालांकि छियौर पंचायत क्षेत्र परिसीमन के बाद बंजार हलके से छिटक कर कुल्लू सदर मे चला गया है, लेकिन छियौर से उनका पुराना रिश्ता है। बंजार का विधायक होते हुए भी वे क्षेत्र के जनता के समस्याओं को दूर करने के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे। जेष्ठा वार्ड के जिप सदस्य एवं महेश्वर सिंह के पुत्र हितेश्वर सिंह ने कहा कि 13वें वित्त आयोग से जारी बजट का रुके कार्याें में तेजी लाई जाएगी। मनरेगा के तहत लटके योजनाओं को गति देना उनके प्राथमिकताओं में शामिल है। अपने पंचायत में दो विधायकों को एक साथ देख कर छियौर पंचायत के उप-प्रधान ओमप्रकाश, पूर्व पंच नंदलाल, सत्यप्रकाश, पूर्व प्रधान डाबे राम, ठाकुर चंद और भवानी ने कहा कि पूरे देश में उनका क्षेत्र ऐसा इकलौता क्षेत्र है जहां के विकास के लिए एक नहीं दो-दो विधायक हमेशा उनके साथ खडे़ रहेंगे। इस मौके पर गोपी चंद शर्मा, दविंद्र शर्मा, डिंपल, दुनी चंद ठाकुर, हिलोपा के सदर विधानसभा के मीडिया प्रभारी ताराचंद ठाकुर समेत कई सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

Related posts