चोरी के आरोपी खाई में कूदे, शिमला रेफर

आनी (कुल्लू)। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार सुबह भी 2:30 बजे नित्थर के रैची से दो लोग एक बाइक उड़ा ले गए। चोर अभी कुछ ही दूर पहुंचे थे कि लोगों ने उन्हें देख लिया। एक व्यक्ति ने बाइक भी पहचान ली। लोगों को अपने ओर आते देख चोरों ने झाड़ियों में छलांग लगा दी और गहरी खाई में जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को नाले से बाहर निकाला और उपचार के लिए आनी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए शिमला रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आनी के कमांद पंचायत का पारलीधार निवासी देवराज और बखनाओं का सुनील चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद जाजर के पास पहुंचे। जाजर के पास दूध की एक गाड़ी का तेल खत्म हो गया था। यहां दूसरी गाड़ियां भी खड़ी हो गई थीं। इस कारण बाइक चोरों को भी खड़ा होना पड़ा। इसी दौरान दूध के टैंपो में सवार एक युवक बाइक मालिक शीशपाल का दोस्त था। उसने बाइक पहचान ली और दोनों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। संदेह होने पर उसने शीशपाल को फोन किया। इससे पूरी स्थिति साफ हो गई।
पकड़े जाने के डर से चोर वहां से भाग खडे़ हुए। अंधेरा होने के कारण उन्हें रास्ते का पता न चला और दोनों ने सड़क से झाड़ियों में छलांग लगा दी। दोनों नाले में जा गिरे। इससे एक आरोपी की टांग टूट गई। दूसरे का सिर फट गया है। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डा. राजेंद्र का कहना है कि दोनों युवकों को गंभीर चोटेें आई हैं। युवक सुनील होश में नहीं है। देवराज के सिर और टांग में चोटें आई हैं। दोनों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।

Related posts