
चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी कॉलेज में एनएसयूआई ने वापसी कर तीन अहम सीटों पर जीत हासिल की है। हर बार विजय का परचम लहराने वाली एसएफआई को मात्र एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। एसएफआई का गढ़ माने जा रहे चुवाड़ी कॉलेज में एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष, महासचिव व सह सचिव के पद पर परचम लहरा कर एसएफआई को भारी शिकस्त दी है। अध्यक्ष पद पर एसएफआई के अनूप कुमार ने 264 मत लेकर जीत हासिल की, एनएसयूआई के मदन कुमार ने 222 मत हासिल किए, जबकि एबीवीपी के मनोज कुमार को 69 मत लेकर ही संतोष करना पड़ा। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के सुनील कुमार ने 229 मत ले कर जीत हासिल की, वहीं एसएफआई के दीपक शर्मा को 194 मत मिले एबीवीपी की रू पाली चंबयाल को केवल 133 मत मिले। महासचिव पद पर एनएसयूआई के कार्तिक कौशल ने 254 मत लेकर जीत दर्ज की, एसएफआई के सरवण कुमार को 192 मत मिले, जबकि एबीवीपी की रीना देवी को 106 मत मिले। सह सचिव के पद पर एनएसयूआई से रजत कुमार ने 242 मत लेकर जीत दर्ज की, एसएफआई के राजेश कुमार ने 218 मत हासिल किए, जबकि एबीवीपी के शाम सिंह को 92 मत लेकर ही संतोष करना पड़ा। एससीए के चुनावों में चुवाड़ी महाविद्यालय में कई सालों से एसएफआई का दबदवा था। एनएसयूआई ने इस बार महाविद्यालय में तीन सीटों पर परचम लहरा कर लाल दुर्ग को करारी शिकस्त दी है। चुनावों में एसएफआई व एनएसयूआई के बीच हार-जीत का मुकाबला हुआ और एबीवीपी ने चार में से तीन सीटें झटकी। महाविद्यालय में कुल 733 वोटर हैं, जबकि 559 ने मतदान किया। इसमें 272 लड़कों व 283 लड़कियों ने मतदान किया। चार दिन से क्षेत्र में भारी बारिश होने की वजह से सड़के शनिवार को मतदान वाले दिन लगभग दोपहर 12 बजे के बाद ही वाहनों के लिए खुल पाई, लेकिन छात्र, छात्राएं मतदान के लिए सुबह ही कॉलेज में पैदल पहुंच गए।
