10 घंटे बंद रहा चंबा-भरमौर मार्ग

भरमौर (चंबा)। चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग लगभग दस घंटे बंद रहा, जिससे इस सड़क पर आवाजाही करने वाले वाहनों, यात्रियों को खूब परेशानी झेलनी पड़ी। शनिवार को सुबह छह बजे के करीब लूणा के पास भूस्खलन हो गया था। इस कारण मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग बंद होने के कारण मणिमहेश यात्रा पर जा रहे कई श्रद्धालु घंटो फंसे रहे। मुख्य मार्ग होने के कारण चंबा व भरमौर आने-जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर इस समय मणिमहेश यात्रा होने के कारण श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं को लंबे समय तक लूणा के पास मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। पंजाब से आए दलजीत, सुनील, पुरोहित, राजीव, हरियाणा के प्रहलाद सिंह, रमेश, राकेश और धीरज ने बताया कि जब वह 12 बजे लूणा नामक स्थान पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि मार्ग बंद है। उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्हें घंटो मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। मार्ग बंद होने के कारण रोजमर्रा की वस्तुएं भी क्षेत्र में देरी से पहुंची। उधर, लोक निर्माण विभाग गरोला के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज ने बताया कि बारिश के कारण मार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हुआ था। उन्होंने कहा कि मार्ग को खोलने के लिए लेबर व जेसीबी लगा दी गई थी और दस घंटे बाद इस मार्ग को बहाल कर दिया गया।

Related posts