चिट्टा तस्कर महिला को अंबाला से किया गिरफ्तार

चिट्टा तस्कर महिला को अंबाला से किया गिरफ्तार

सोलन पुलिस चिट्टे के मुख्य सरगना समेत सप्लायरों को ढूंढ-ढूंढ कर जेल पहुंचा रही है। अभी तक पुलिस दो नाइजीरियन, दो महिलाओं समेत अन्य 13 सप्लायरों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये आरोपी प्रदेश के करीब 2500 युवाओं के संपर्क में थे। जिन्हें चिट्टा सप्लाई करते थे। जिसके तहत पुलिस ने अंबाला की मुख्य चिट्टा तस्कर 28 वर्षीय आरती को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी पुलिस ने परवाणू से गिरफ्तार चिट्टा सप्लायर अनिल कुमार उर्फ पिंटू की निशानदेही पर की है। पुलिस महिला आरोपी को सोलन लेकर पहुंच गई है। अब इसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार 5 अगस्त को परवाणू टीम ने सेक्टर चार में अनिल कुमार उर्फ पिंटू से 22.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे चिट्टे के सप्लायर के बारे में जांच पड़ताल की गई। जिसमें पता चला कि यह चिट्टे की खेप को अंबाला से एक महिला तस्कर से लेकर आया हैं। यह तस्कर पिछले एक साल से लगातार चिट्टा की खरीद फरोख्त कर रहा था और करीब 40 से 50 बार उससे चिट्टा लेकर आया था। जिसे उसने स्थानीय युवाओं को बेचा था। आरोपी एक बार में करीब 50 ग्राम तक चिट्टा लाता था। इस चिट्टा के सप्लायर को पकडऩे के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। जिसने अंबाला जाकर आरोपी महिला तस्कर के ठिकाने दबिश दी और आरोपी आरती निवासी देहा कॉलोनी अंबाला उम्र 28 वर्ष को अंबाला से गिरफ्तार करके परवानू थाना में ले आए हैं।

उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जिसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। जिसमें कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Related posts