चिकनी पुल को लेकर फिर जन आंदोलन

नालागढ़ (सोलन)। चिकनी पुल को लेकर जन आंदोलन शुरू हो गया है। नालागढ़ उपमंडल से गुजरने वाले एकमात्र हाइवे नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर चिकनी नदी पुल का निर्माण किया जा रहा है। सुस्त चल रहे कार्य से आहत ग्रामीणों ने स्थानीय भाजपा विधायक केएल ठाकुर की अगुवाई में एसडीएम नालागढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए 23 मई को मिनी सचिवालय परिसर में धरना और 30 मई को चक्का जाम करने का फैसला लिया है। ज्ञापन एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से बुधवार को केंद्र और प्रदेश सरकार को भेजे हैं।
विधायक केएल ठाकुर के अनुसार इस मामले को 23 जनवरी को मुख्यमंत्री के साथ वार्षिक योजनाओं की बैठक व केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री सीपी जोशी के समक्ष पूरजोर ढंग से उठाया था। यही नहीं हाइवे आथोरिटी के अधिकारियों से बैठक कर उन्होंने इन कार्यों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन दोनों ही कार्य कछुआ गति से चला है। धूल मिट्टी और चिकनी नदी पुल के अभाव में लोग परेशान हैं। चंगर क्षेत्र में 12 बड़ी पंचायतों के करीब 100 गांव आते हैं। करीब साठ हजार की आबादी चिकनी पुल के कारण परेशान है।

2007 में ढहा था पुल
चिकनी नदी पुल वर्ष 2007 में भारी बरसात के कारण बह गया था, लेकिन छह साल बीत जाने के बाद भी आज तक पुल नहीं बना है। यह हाइवे मनाली लेह क्षेत्र के पर्यटक स्थलों को जोड़ता है, वहीं यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र को पूरे देश से जोड़ता है। इस हाइवे और चिकनी पुल को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन व चक्का जाम हो चुके हैं। जून 2009 में कांग्रेस के पूर्व विधायक लखविंदर राणा एवं भवन एवं कामगार वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन और इंटक अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने भी चिकनी पुल और सड़क की खस्ता हालत को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। उसके बाद 2010-11 में भी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया था।

यह रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर औैर आशुतोष वैद्य, बरूणा पंचायत प्रधान विजय ठाकुर, खिल्लियां के प्रधान घनश्याम, गोलजमाला प्रधान कै. जगदीश, नप उपाध्यक्ष सुभाष बल्ली, बीडीसी सोहन लाल, हरिचंद, प्रधान भजनो देवी, उप प्रधान संजय कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष टेकचंद चंदेल, जयप्रकाश, परस राम, रविंद्र सांख्यान, बलविंदर बिंदू, जसपाल सिंह, एडवोकेट धर्मेंद्र राणा, दलेर सिंह और आरती शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related posts