चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी हिलोपा : महेश्वर

नगवाईं (मंडी)। हिमाचल लोकहित पार्टी (हिलोपा) के कार्यकर्ताओं की बैठक में लोस चुनाव को लेकर चरचा की गई। झीड़ी किसान भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता हिलोपा के प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने की। बैठक में महेश्वर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोस चुनाव के लिए तैयार रहें। लोस चुनाव हिलोपा के लिए रिहर्सल है। वर्ष 2017 में होने वाले विस चुनाव में हिलोपा प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी। महेश्वर सिंह ने कहा कि हिलोपा की गुप्त बैठक 25 फरवरी को होगी। इसमें आने वाले लोस चुनाव के बारे में रणनीति बनाई जाएगी। बैठक के बाद प्रेसवार्ता में हिलोपा प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने कहा कि हिलोपा प्रदेश की चारों सीटों पर प्रत्याशी खड़ा करेगी। पार्टी के पास मजबूत प्रत्याशी हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की राय के बाद चुनाव लड़ने या न लड़ने के बारे में निर्णय लेंगे। प्रदेश में अभी तक किसी भी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। सारी स्थिति सामने होने के बाद ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। बैठक में कुल्लू जिला अध्यक्ष गोपी चंद शर्मा, द्रंग से पूर्व हिलोपा प्रत्याशी कपिल ठाकुर, द्रंग हिलोपा के अध्यक्ष ज्ञान ठाकुर, कुल्लू जिला हिलोपा प्रवक्ता डागू राम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह, इंद्र देव शर्मा, सीता राम, पूर्ण चंद, नेत्र सिंह, मोती राम और हेम सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts