चारदीवारी लगाकर बंद कर दिया रास्ता

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विस क्षेत्र के तहत राजकीय वमापा छुईधार में चार दीवारी लगाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। लोगाें का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने चारदीवारी से रास्ता रोक दिया है। यह कार्य बार-बार मना करने के बावजूद किया गया है। जमीन भी विभाग के नाम पर नहीं है। दूसरी ओर स्कूल प्रशासन खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी से चारदीवारी लगाने के आदेश होने की बात कह रहा है। लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी का कहना है कि लोगाें का रास्ता बंद करने का कोई भी लिखित आदेश नहीं दिया है।
ग्रामीण चारदीवारी को तोड़कर रास्ता बहाल करने पर अड़ गए हैं। ग्रामीण कमल कुमार, विपिन, भीम सिंह, चमन सिंह, नत्था सिंह, आशा राम, हरी सिंह, केशव राम, परमदेव, विद्या सागर, राजेश, मेहर सिंह, सरला देवी, मीना देवी और रीमा देवी ने कहा कि जब चारदीवारी का कार्य चला रहा था तो वहां तैनात शिक्षकाें से ग्रामीणों ने रास्ता बंद करने को लेकर विरोध भी दर्ज करवाया था। लेकिन इसके बावजूद रास्ते पर चारदीवारी बना दी गई। लोगाें का कहना है कि स्कूल प्रशासन रास्ते के लिए एक से डेढ़ मीटर की जगह छोड़ सकता था। लेकिन स्कूल प्रशासन ने लोगाें की बात को न मानकर मनमानी की। चारदीवारी से रास्ता बंद हो गया है। लोगाें ने चारदीवारी से बंद किए रास्ते को तत्काल खोलने की मांग की है।
स्कूल में तैनात शिक्षक विपिन कुमार ने कहा कि खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी से चारी दीवारी लगाने के आदेश हुए थे। आदेशों का पालन किया है। खंड शिक्षा अधिकारी बलदेव सिंह का कहना है कि चारदीवारी लगाने और लोगाें का रास्ता बंद करने का कोई लिखित आदेश नहीं दिया है। जांच की जाएगी। वहीं ग्रामीण राजस्व अधिकारी ज्ञान चंद का कहना है कि जमीन वन विभाग की है।

Related posts